देश की सेवा के लिए अपना 'सिंदूर' भेज रही हूं... शादी के 3 दिनों के बाद नई नवेली दुल्हन ने पति को भेजा बॉर्डर
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ा तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच सभी जवानों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। जो छुट्टी पर गए हुए हैं उन्हें बॉर्डर पर बुलाया गया है। इस बीच दिल को छूने वाली एक मार्मिक तस्वीर भी सामने आई है। एक नवविवाहित ने शादी के तीन दिनों के बाद अपने पति को बॉर्डर पर भेजा और कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना सिंदूर भेज रही हूं।
दरअसल महाराष्ट्र के जलगांव जिले के पाचोरा के रहने वाले मनोज ज्ञानेश्वर पाटील सेना में जवान हैं। उनकी 5 मई को शादी थी। ऐसे में 30 दिनों की छुट्टी लेकर आए थे। धूमधाम से शादी की सारी रस्में हुईं।शादी के दूसरे दिन नवविवाहित पत्नी और माता-पिता के साथ मनोज ने देवदर्शन किया। 8 मई को सत्यनारायण पूजा का आयोजन किया गया था। इस बीच खबर आ गई कि छुट्टी पर गए सभी जवानों को वापस लौटना है।
मनोज के पिता ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनका बेटा देश सेवा के लिए जा रहा है।मनोज को विदाई देने के लिए उसके परिवार के लोग और दोस्त बड़ी संख्या में रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। मनोज के दोस्तों ने यह बताया कि उन्हें गर्व है। पति, बेटा, भाई,दोस्त ऐसे विभिन्न रूपों में कर्तव्य निभाते हुए मनोज पाटिल ने देश सेवा का कर्तव्य निभाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उसे विदा करते हुए सभी भावुक हो गए। सभी ने भारत माता की जय के नारे लगाए और मनोज को बॉर्डर जाने के लिए विदा किया।